गाजीपुर
जमानियां में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे भारत माता के जयकारे
पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने किया नेतृत्व, शहीदों के बलिदान को किया याद
जमानियां (गाजीपुर)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर मंगलवार को भाजपा जमानियां दक्षिणी मंडल की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में पूर्व विधायक सुनीता सिंह प्रमुख रूप से शामिल हुईं। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने यात्रा में सहभागिता की और लोगों का उत्साह बढ़ाया।
यात्रा दरौली चट्टी से शुरू होकर हेतिमपुर और बिन्द मोड़ होते हुए बड़ेसर पहुंची। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों ने भी यात्रा में भाग लिया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि देश की आजादी के लिए वीर शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करना और नागरिकों को देश के प्रति उनके कर्तव्यों का अहसास कराना है।
यात्रा में भाजपा जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह, जिला मंत्री पप्पू कुशवाहा, दक्षिणी मंडल अध्यक्ष संदीप कुमार बिंद समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
