मिर्ज़ापुर
2027 के चुनाव में संगठन के दम पर मजबूती से उतरेगी कांग्रेस: संगीता बेनीवाल
मिर्जापुर में संगठन सृजन अभियान की समीक्षा, पांचों विधानसभा क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने पर जोर
मिर्जापुर। जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में मिशन कंपाउंड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की केंद्रीय ऑब्जर्वर एवं राजस्थान की पूर्व राज्यमंत्री संगीता बेनीवाल ने संगठन सृजन अभियान की जानकारी दी।
पांचों विधानसभा क्षेत्रों में होगा संगठन का विस्तार
संगीता बेनीवाल ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत पहले पूर्व में गठित संगठन की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
2027 के चुनाव की तैयारी
केंद्रीय ऑब्जर्वर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। इसके लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना जरूरी है। कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर जनता के बीच पार्टी की नीतियों और मुद्दों को पहुंचाने का काम किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ऑब्जर्वर कमलेश ओझा, करमचंद बिंद, जितेंद्र पासवान, जिलाध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक उर्फ राजन पाठक, जिला पंचायत सदस्य शिवशंकर चौबे, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं प्रवक्ता मिन्हाज अहमद, छोटे खान, रमेश चंद प्रजापति, पप्पू, आंसू पांडेय, आनंद त्रिपाठी, जफर इकबाल, राकेश त्रिपाठी, संजय दुबे, जगदीश दुबे, अर्चना चौबे, अंकुर श्रीवास्तव, आजाद, राजेंद्र विश्वकर्मा, कपिल कुमार सोनकर, राधा बिंद, विजय दुबे, पहाड़ी विधि सिंह, सरूप सिंह, कुंज बिहारी उपाध्याय, रविशंकर तिवारी और जनार्दन पाठक समेत पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
