गाजीपुर
तिरंगा यात्रा में गूंजा भारत माता का जयघोष
शहीद संजय यादव को दी श्रद्धांजलि
भाजपा देवकली मंडल की तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का उत्साह, जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया नेतृत्व
देवकली (गाजीपुर)। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी देवकली मंडल की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंडल अध्यक्ष अखिलेश कुशवाहा के संयोजकत्व में ब्रह्मस्थल देवकली परिसर से शुरू हुई यात्रा का नेतृत्व जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने किया। बाइक सवार कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा।

तिरंगा यात्रा ब्लॉक मुख्यालय देवकली, माऊपारा, मुस्लिमपुर, पहाड़पुर और बासूचक होते हुए धनईपुर गांव पहुंची। यहां अमर शहीद संजय यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद यात्रा का समापन हुआ। मार्ग में स्थानीय लोगों ने यात्रा का उत्साह के साथ स्वागत किया। युवाओं की विशेष भागीदारी रही।
तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक
यात्रा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। यह भारत की पहचान के साथ देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और वीरता को दर्शाता है। देश की रक्षा के लिए जीवन समर्पित करने वाले वीर शहीदों का त्याग हमेशा देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराती है। वीर सपूतों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब प्रत्येक नागरिक राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास में अपनी भूमिका निभाए।
शहीद की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
धनईपुर में अमर शहीद संजय यादव की प्रतिमा पर उनकी पत्नी राधिका देवी, पुत्र गौरव यादव और भाई अजय यादव समेत जिला पंचायत सदस्य अभय प्रकाश सिंह, जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर पांडेय, नरेंद्र कुमार मौर्य, तेरसू यादव, दिलीप गुप्ता, पुनवासी राम, ललिता कुशवाहा, श्रीकांत सिंह, मुजीबरहमान, गुरुप्रसाद गुप्ता, सत्येंद्र कुमार सिंह, प्रवीण त्रिपाठी और राजेश जायसवाल ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
