गाजीपुर
गृह कर में 10 गुना बढ़ोतरी से जमानिया में आक्रोश
सभासदों और नागरिकों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, बढ़ा टैक्स वापस नहीं हुआ तो धरने की चेतावनी
जमानिया (गाजीपुर)। नगर पालिका परिषद जमानिया द्वारा गृह कर में कथित रूप से अप्रत्याशित वृद्धि किए जाने को लेकर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों में रोष है। सोमवार को वार्ड नंबर 18 के सभासद मोहन गुप्ता के नेतृत्व में सभासदों एवं नागरिकों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बढ़े हुए गृह कर को वापस लेने की मांग की।
बिना सूचना टैक्स बढ़ाने का आरोप
एसडीएम को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी की ओर से बिना पूर्व सूचना या नोटिस जारी किए मकान टैक्स में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। सभासदों का दावा है कि कुछ मामलों में टैक्स पहले निर्धारित दर से करीब 10 गुना तक बढ़ाया गया है। उदाहरण देते हुए बताया गया कि जिस मकान का वार्षिक टैक्स पहले 100 रुपये था, उसे बढ़ाकर 1200 रुपये कर दिया गया है।
नागरिकों में बढ़ा असंतोष
ज्ञापन देने वालों का कहना है कि गृह कर में वृद्धि की जानकारी जनता को न तो लिखित रूप से दी गई और न ही कोई पूर्व नोटिस जारी किया गया। अचानक बढ़ाए गए टैक्स से आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। इसे लेकर लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
वापसी नहीं हुई तो धरने की चेतावनी
सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि बढ़े हुए गृह कर को तत्काल वापस नहीं लिया गया तो सभी सभासद और स्थानीय नागरिक नगर पालिका परिषद परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान सुमंत सिंह, विकास, मो. सलीम, राकेश कुमार जायसवाल, योगेश कुमार गुप्ता, सुनील कुमार, बबलू गुप्ता, अतुल कुमार गुप्ता, रामभरोसे, विंध्याचल शर्मा, सुनील जायसवाल, विनोद कुमार जायसवाल, राजू जायसवाल, नईमुद्दीन अली, कुणाल आनंद, शेखर जायसवाल, संजीव जायसवाल, गुलाब प्रसाद केशरी, रविकांत उपाध्याय, गोपाल जी, अभिषेक जायसवाल, सोनू उपाध्याय और धीरज कुमार समेत बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
