गाजीपुर
आजाद समाज पार्टी का सघन सदस्यता अभियान
गांव-गांव चौपाल लगाकर युवाओं और ग्रामीणों को दिलाई पार्टी की सदस्यता
विनय सागर की उम्मीदवारी के बाद संगठन विस्तार में जुटे पदाधिकारी
जखनियां (गाजीपुर)। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की ओर से रविवार को जखनियां विधानसभा क्षेत्र में सघन जनसंपर्क एवं सदस्यता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न गांवों में चौपाल लगाकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई। साथ ही पार्टी की नीतियों और संगठन की भावी रणनीति से लोगों को अवगत कराया गया।
गांव-गांव पहुंचकर मजबूत किया संगठन
पार्टी द्वारा जखनियां विधानसभा सीट से विनय सागर को प्रभारी एवं प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी पदाधिकारी बूथ और सेक्टर स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार गांव-गांव जनसंपर्क कर नए सदस्यों को जोड़ रहे हैं।
कई गांवों में चलाया सदस्यता अभियान
अभियान के दौरान सदस्यता अभियान समिति के वाराणसी मंडल प्रभारी इंजीनियर विकास कुमार, जिला प्रभारी दिनेश बौद्ध तथा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिल बौद्ध ने बहरामपुर, करुयी, डिल्ला, मिर्जापुर, रामपुर पतारी और तालभित्तार सहित कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के विचारों की जानकारी दी तथा अधिक से अधिक लोगों से पार्टी से जुड़ने की अपील की।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
सभा को संबोधित करते हुए वाराणसी मंडल प्रभारी इंजीनियर विकास कुमार, पूर्व मंडल कार्यकारिणी सदस्य मानव राजभर तथा जिला उपाध्यक्ष चंद्रमुकेश भारती ने कहा कि विनय सागर की उम्मीदवारी से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह है। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रत्येक बूथ और सेक्टर को मजबूत करने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष चंद्रमुकेश भारती, राहुल, सत्यम, अमन, उपेंद्र, करन, राजन सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
