गोरखपुर
लिंक एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, डीसीएम अंडरपास में गिरी
डिवाइडर तोड़कर नीचे जा गिरी तेज रफ्तार डीसीएम, चालक-खलासी की मौत
हरनहीं अंडरपास के पास तड़के हुआ हादसा, पुलिस ने शुरू की जांच
गोरखपुर। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में डीसीएम के चालक और खलासी की मौत हो गई। खजनी क्षेत्र के हरनहीं अंडरपास के पास तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उसे तोड़ते हुए अंडरपास के नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फतेहपुर से गोरखपुर आ रही थी डीसीएम
जानकारी के अनुसार, डीसीएम फतेहपुर (कानपुर) से फॉर्च्यून कंपनी का सामान लेकर गोरखपुर आ रही थी। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे हरनहीं अंडरपास के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार के कारण वाहन डिवाइडर से टकराने के बाद अंडरपास के नीचे जा गिरा।
पुलिस ने बाहर निकाले दोनों शव
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर हरनहीं चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद डीसीएम में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों की शिनाख्त का प्रयास
पुलिस के अनुसार, मृतकों की उम्र करीब 45 से 46 वर्ष के बीच है। प्रथम दृष्टया दोनों की पहचान डीसीएम के चालक और खलासी के रूप में होने की संभावना है। फिलहाल उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के लिए संबंधित थानों को सूचना दी गई है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
हरनहीं चौकी प्रभारी एसआई राजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
