मिर्ज़ापुर
रोटरी क्लब विंध्याचल ने 40 गर्भवती महिलाओं को वितरित की पोषण किट
‘स्नेहिका’ प्रोजेक्ट के तहत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक, संतुलित आहार अपनाने का दिया संदेश
मिर्जापुर। रोटरी क्लब विंध्याचल ने जिला महिला अस्पताल के मदर वार्ड में ‘स्नेहिका’ प्रोजेक्ट के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को समर्पित सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर 40 गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक खाद्य सामग्री से युक्त पोषण किट वितरित की गई तथा उन्हें गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया गया।
वितरित की गई पोषण किट में प्रोटीन पाउडर, भुना चना, दलिया, प्रोटीन बिस्कुट, मूंगफली, गुड़, जूस, केला, सेब, ब्रेड, रागी, ड्राई फ्रूट सहित अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल थी। क्लब के सदस्यों ने बताया कि इन खाद्य पदार्थों का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को आवश्यक पोषण उपलब्ध कराने के साथ-साथ संतुलित आहार के महत्व के प्रति जागरूक करना है।
रोटरी क्लब विंध्याचल के अध्यक्ष रोटेरियन प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि रोटरी संगठन में जुलाई माह को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है। इसी उद्देश्य से ‘स्नेहिका’ प्रोजेक्ट के माध्यम से गर्भवती महिलाओं तक पोषण, स्वास्थ्य और सुरक्षित मातृत्व का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, आयरन एवं कैल्शियम की दवाओं का समय पर सेवन करने तथा चिकित्सकों के परामर्श का पालन करने की सलाह दी। साथ ही गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस सेवा कार्यक्रम में रोट्रेक्ट क्लब के युवा सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में क्लब के सचिव गौरव खेमका, सुशील झुनझुनवाला, अमित सिंह, राम कुमार केशरवानी, डॉ. अमित केशरवानी, अंकित तिवारी, विष्णु गुप्ता, विवेक राजपूत, प्रखर गुप्ता, मनोज अग्रवाल, जय प्रकाश गुप्ता, गोपाल उपाध्याय सहित रोटरी क्लब विंध्याचल के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
