Connect with us

जौनपुर

मुज्तबा अख्तर को AI शोध पर मिला अंतरराष्ट्रीय ‘बेस्ट पेपर अवार्ड’

Published

on

Loading...
Loading...

पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया सम्मानित, एम.टेक. में भी रहे टॉपर

डीपफेक और फर्जी आवाज़ों की पहचान पर शोध को वैश्विक पहचान, दुबई सम्मेलन में मिला सम्मान

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में जौनपुर के होनहार छात्र मोहम्मद मुज्तबा अख्तर रिज़वी को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध और शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल तथा कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने उन्हें सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

नगर के बलुआघाट निवासी मुज्तबा अख्तर रिज़वी ने विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग में एम.टेक. की परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। उनकी शैक्षणिक सफलता के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए गए शोध कार्य ने विश्वविद्यालय और जौनपुर का गौरव बढ़ाया है।

हाल ही में दुबई में आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन इंफॉर्मेशन सिस्टम डिजाइन एंड इंटेलिजेंट एप्लीकेशंस (ISDIA-2026) में प्रस्तुत उनके शोधपत्र को ‘बेस्ट पेपर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। उनका शोध आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग (NLP) पर आधारित है, जिसका उद्देश्य डीपफेक और कृत्रिम रूप से तैयार की गई फर्जी आवाज़ों की पहचान करने वाली उन्नत तकनीक विकसित करना है। यह तकनीक भविष्य में डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और फर्जी ऑडियो की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Advertisement

यह शोध कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भटेजा के मार्गदर्शन में पूरा हुआ। वर्तमान में मुज्तबा यूनाइटेड किंगडम की अल्स्टर यूनिवर्सिटी में पोस्ट ग्रेजुएट रिसर्चर के रूप में दूरस्थ शोध कार्य कर रहे हैं और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।

मुज्तबा के पिता सैयद बदरुल हसन रिज़वी वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी तथा कर्मचारी संघ के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, विश्वविद्यालय और पूरे जौनपुर में खुशी का माहौल है। शिक्षकों, शोधार्थियों और शुभचिंतकों ने इसे जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page