जौनपुर
लायंस क्लब ‘गोमती’ का पारिवारिक पिकनिक और सावन महोत्सव उत्साह के साथ संपन्न
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कजरी की धुनों के बीच परिवार संग बिताए यादगार पल, संगठनात्मक एकता पर दिया गया जोर
क्लब पदाधिकारियों ने कहा- सेवा के साथ पारिवारिक आत्मीयता भी लायंस क्लब की पहचान
जौनपुर। लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ की ओर से विष्णु मोटल, शकरमंडी-शाहगंज रोड पर पारिवारिक पिकनिक, साधारण सभा एवं सावन आगमन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद उठाया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई। इसके बाद सुरम्य संगीत क्लासेज की संचालिका प्रज्ञा मिश्रा और अन्य कलाकारों ने कजरी, नृत्य एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सावन महोत्सव का रंग बिखेरा। क्लब के सदस्यों और उनके परिवारों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
पारिवारिक पिकनिक के दौरान सदस्यों ने एक-दूसरे के साथ आत्मीयता और सौहार्द के पल साझा किए। आयोजन का उद्देश्य सदस्यों और उनके परिवारों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करना रहा।
क्लब अध्यक्ष लायन सैय्यद हसनैन कमर ‘दीपू’ ने कहा कि लायंस क्लब केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह अपने सभी सदस्यों के सुख-दुःख में साथ खड़ा रहता है। सचिव लायन नवीन मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजन संगठन में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और सदस्यों के बीच पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम में क्लब के चार्टर अध्यक्ष डॉ. जी.सी. सिंह, पदाधिकारी, निदेशक मंडल के सदस्य, क्लब सदस्य एवं उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
