जौनपुर
बिजली कटौती और टूटे तार से नाराज ग्रामीणों-व्यापारियों का प्रदर्शन
बजरंगनगर बाजार में विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी, आपूर्ति सुधार और टूटे तार बदलने की उठी मांग
अप्रैल से नहीं बदला गया बिजली का तार, ओवरलोड और फीडर ट्रिपिंग से लोग परेशान
डोभी (जौनपुर)। बजरंगनगर बाजार में लगातार अघोषित बिजली कटौती, ओवरलोड के कारण बार-बार फीडर ट्रिप होने और अप्रैल माह से टूटे बिजली के तार को अब तक नहीं बदले जाने से नाराज ग्रामीणों एवं व्यापारियों ने सोमवार को विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग उठाई।
ग्रामीणों का आरोप है कि रविवार रात फीडर ट्रिप होने के कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे उमस भरी गर्मी में लोगों को पूरी रात परेशानियों का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि अप्रैल में आए आंधी-तूफान के दौरान बिजली का तार टूट गया था, लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी विभाग ने उसे नहीं बदला। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जुलाई माह में लगातार अघोषित बिजली कटौती और तकनीकी खराबियों के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से नियमित बिजली आपूर्ति, ओवरलोड की समस्या का स्थायी समाधान और अप्रैल से टूटे पड़े बिजली के तार को तत्काल बदलने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में कृष्ण मोहन चौरसिया, राजकुमार विश्वकर्मा, राकेश सिंह, शिवम तिवारी, शिवदयाल जायसवाल, आशुतोष चौबे, संदीप जायसवाल, अबू हसन, दीपक जायसवाल, अंजुम शेख, तस्लीम शेख, मनीष जायसवाल, दीपू सेठ, आशीष सेठ, सुनील गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
