Connect with us

मिर्ज़ापुर

मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय से संबद्ध लॉ कॉलेजों की होगी जांच

Published

on

Loading...
Loading...

बार काउंसिल के मानकों पर परखी जाएंगी व्यवस्थाएं, कुलसचिव राम नारायण बनाए गए नोडल अधिकारी

मीरजापुर। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के निर्देश पर मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मीरजापुर से संबद्ध सभी लॉ कॉलेजों की जांच कराई जाएगी। विश्वविद्यालय यह सुनिश्चित करेगा कि एलएलबी पाठ्यक्रम संचालित करने वाले कॉलेज बार काउंसिल द्वारा निर्धारित शैक्षणिक एवं आधारभूत मानकों का पालन कर रहे हैं या नहीं। जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार मीरजापुर और सोनभद्र जनपदों में संचालित संबद्ध लॉ कॉलेजों की जांच का दायित्व मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय को सौंपा गया है। जांच के दौरान कक्षाओं की व्यवस्था, छात्र-शिक्षक अनुपात, योग्य शिक्षकों की उपलब्धता, आधारभूत सुविधाएं तथा बार काउंसिल ऑफ इंडिया की अन्य गाइडलाइन के अनुपालन का सत्यापन किया जाएगा। जांच रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी।

बताया गया कि लॉ कॉलेजों में निर्धारित मानकों के पालन को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई थी। इस पर सुनवाई के दौरान न्यायालय ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया को सभी लॉ कॉलेजों की जांच कराने के निर्देश दिए। इसके बाद बार काउंसिल ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को पत्र भेजकर अपने-अपने संबद्ध कॉलेजों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।

इस पूरी प्रक्रिया के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति ने कुलसचिव श्री राम नारायण को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उनके नेतृत्व में गठित टीम सभी लॉ कॉलेजों का निरीक्षण करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि बार काउंसिल के सभी निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page