जौनपुर
किशोरी एवं युवा नेतृत्व कार्यक्रम में स्वास्थ्य और सुरक्षा का संदेश
मड़ियाहूं में 200 किशोरियों ने लिया हिस्सा, माहवारी स्वच्छता, पोषण और महिला सुरक्षा पर किया गया जागरूक
सेनेटरी पैड वितरित किए गए, हेल्पलाइन नंबरों और साइबर सुरक्षा की भी दी गई जानकारी
मड़ियाहूं (जौनपुर)। नगर के ऊषा उपवन में जन विकास संस्थान की ओर से ‘किशोरी एवं युवा की आवाज एवं नेतृत्व’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 किशोरियों ने भाग लिया। स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं की चिकित्सा अधिकारी डॉ. रहनुमा रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला कांस्टेबल शेफाली मिश्रा, संजना सिंह, अर्चना चौरसिया एवं गुंजा उपस्थित रहीं। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान माहवारी स्वच्छता, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और अन्य गतिविधियों के माध्यम से किशोरियों को सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
डॉ. रहनुमा ने किशोरियों को सेनेटरी पैड वितरित करते हुए माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने की जानकारी दी। उन्होंने जंक फूड से परहेज करने तथा आयरन युक्त भोजन, हरी सब्जियां और पौष्टिक आहार अपनाने की सलाह दी, ताकि किशोरियों का स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
महिला कांस्टेबल शेफाली मिश्रा ने 1090 सहित विभिन्न महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए साइबर ठगी और अज्ञात नंबरों से आने वाले फर्जी कॉल से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली किशोरियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जन विकास संस्थान के निदेशक राजमणि के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर संस्थान के प्रबंधक अवधेश कुमार यादव, प्रोजेक्ट मैनेजर पंकज मोहसिन, अर्चना, सामुदायिक कार्यकर्ता मेनका, कंचन, ज्योति, शिव प्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
