Connect with us

जौनपुर

धर्मापुर में मिनी स्टेडियम की मांग तेज, खेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

2011 में पारित हुआ था प्रस्ताव, तीन एकड़ भूमि भी हो चुकी है हस्तांतरित

ग्रामीण खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की उठी मांग

जौनपुर। धर्मापुर क्षेत्र में वर्षों से लंबित मिनी स्टेडियम के निर्माण की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। क्षेत्र के खिलाड़ियों, पहलवानों और जनप्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मिनी स्टेडियम के निर्माण को जल्द स्वीकृति देकर कार्य शुरू कराने की मांग की।

2011 में पास हुआ था मिनी स्टेडियम का प्रस्ताव

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम धर्मापुर में मिनी स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव वर्ष 2011 में पारित किया गया था। इसके लिए करीब तीन एकड़ भूमि जिला युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित की जा चुकी है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के साथ ही 10 बिंदुओं पर आधारित विस्तृत रिपोर्ट महानिदेशक युवा कल्याण, लखनऊ को भेजी गई थी। इसके बावजूद वर्षों बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बना चुके हैं क्षेत्र के खिलाड़ी

खिलाड़ियों का कहना है कि धर्मापुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से कई खिलाड़ी एवं पहलवान जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। उचित खेल मैदान और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के अभाव में स्थानीय युवाओं को अभ्यास के लिए दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ता है।

Advertisement

स्टेडियम बनने से ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

खिलाड़ियों ने कहा कि धर्मापुर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मिनी स्टेडियम बनने से ग्रामीण युवाओं को अपने क्षेत्र में ही नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। इससे नई खेल प्रतिभाओं को निखरने और प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने का अवसर भी मिलेगा।

ज्ञापन के माध्यम से सरकार से वर्षों से आरक्षित भूमि पर शीघ्र मिनी स्टेडियम का निर्माण शुरू कराने की मांग की गई। इस दौरान पूर्व प्रधान धर्मापुर लालचंद यादव, पहलवान गया प्रसाद यादव, सुनील पहलवान, वीरेंद्र पहलवान और आजाद सिंह यादव समेत कई खिलाड़ी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page