गोरखपुर
महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय को मिले नए कुलपति, ले. जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. भूपेश कुमार गोयल संभालेंगे जिम्मेदारी
35 वर्षों का चिकित्सकीय और सैन्य प्रशासनिक अनुभव, पांच वर्ष के लिए हुई नियुक्ति
गोरखपुर। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय, गोरखपुर को नया कुलपति मिल गया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. प्रदीप राव द्वारा जारी आदेश के अनुसार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. भूपेश कुमार गोयल को उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम-2019 तथा विश्वविद्यालय के प्रथम परिनियम की धारा 2.04(क) के तहत कुलपति नियुक्त किया गया है। कुलाधिपति की स्वीकृति के बाद जारी आदेश के अनुसार उनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।
सैन्य चिकित्सा सेवा में निभाई अहम जिम्मेदारियां
डॉ. भूपेश कुमार गोयल भारतीय सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा (AFMS) के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं। सेवानिवृत्ति से पूर्व उन्होंने महानिदेशक (ऑर्गेनाइजेशन एंड पर्सोनल) के रूप में 14 हजार से अधिक अधिकारियों के मानव संसाधन प्रबंधन और संगठनात्मक पुनर्गठन का नेतृत्व किया। इसके अलावा उन्होंने पुणे स्थित 1082 बेड के कमांड हॉस्पिटल (सदर्न कमांड) सहित दिल्ली, बागडोगरा और अन्य प्रमुख सैन्य अस्पतालों का सफलतापूर्वक संचालन किया।
चिकित्सा, शिक्षा और शोध में लंबा अनुभव
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ के रूप में डॉ. गोयल को 35 वर्ष से अधिक का चिकित्सकीय अनुभव प्राप्त है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मानकों के अनुरूप उनके पास 28 वर्षों से अधिक का शिक्षण अनुभव भी है। उन्होंने 11 शोध परियोजनाओं का संचालन किया है तथा उनके 28 शोध-पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में वह विशेषज्ञ वक्ता और रिसोर्स पर्सन के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
राष्ट्रपति से मिल चुका है अति विशिष्ट सेवा पदक
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए डॉ. भूपेश कुमार गोयल को वर्ष 2024 में राष्ट्रपति द्वारा अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM) तथा 2011 में विशिष्ट सेवा पदक (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है। उनके नेतृत्व में कमांड हॉस्पिटल, पुणे को रक्षा मंत्री ट्रॉफी सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान भी प्राप्त हुए।
विश्वविद्यालय ने जताया विश्वास
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि डॉ. भूपेश कुमार गोयल के व्यापक प्रशासनिक, शैक्षणिक, शोध और चिकित्सा अनुभव से महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हैं।
