गाजीपुर
छह अनाथ बच्चों की शिक्षा का जिम्मा उठाएगा श्री साईं स्मृति सेवा संस्थान
सत्र 2026-27 में पढ़ाई, किताबें और स्कूल की व्यवस्था करेगा संस्थान; गरीब कन्याओं के विवाह और भोजन वितरण अभियान भी जारी
मानव सेवा की दिशा में नई पहल
गाजीपुर। स्थानीय आस्था न्यू स्पीड कोचिंग, सकलेनाबाद परिसर में श्री साईं स्मृति सेवा संस्थान की ओर से एक प्रेरणादायी सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था ने समाज के कमजोर वर्ग के छह अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा का दायित्व अपने हाथों में लिया। संस्थान सत्र 2026-27 के दौरान इन बच्चों की पढ़ाई, कॉपी-किताब और विद्यालय संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएगा।

गरीबों की सेवा को समर्पित है संस्था
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षा के साथ-साथ संगठन गरीब एवं असहाय परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग, अनाथ बच्चों के पुनर्वास तथा जरूरतमंदों के लिए नियमित भोजन वितरण जैसे सामाजिक कार्य भी संचालित कर रहा है। प्रत्येक माह के बुधवार को आयोजित भोजन वितरण कार्यक्रम के माध्यम से राहगीरों और जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सरिता अग्रवाल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद गाजीपुर, तथा डॉ. नरेंद्र सिंह सेंगर, वरिष्ठ प्रोफेसर, होम्योपैथिक कॉलेज गाजीपुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर और श्री साईं बाबा के चित्र पर माल्यार्पण एवं आरती के साथ किया। अतिथियों ने संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समाजसेवियों ने की सराहना
कार्यक्रम में डॉ. डी.पी. सिंह, डॉ. स्वतंत्र सिंह, डॉ. शुभम राय, सिद्धार्थ राय, नवीन सिंह, मोहित श्रीवास्तव, अमिताभ, अनिल दुबे, डॉ. एच.के. श्रीवास्तव और निशांत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने संस्था के सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
सेवा कार्य में कई लोगों का रहा योगदान
आयोजन को सफल बनाने में संस्था के मीडिया प्रभारी गणेश जी गुप्ता की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव जगदीश प्रसाद गुप्ता एवं अध्यक्ष मयूर साईं ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष संतोष कुमार जायसवाल, विधि सलाहकार अनिल विश्वकर्मा, विशाल गुप्ता, मनीष कुमार वर्मा, अनिल कुमार राय, पुष्कित अग्रवाल, कृष्णा, प्रेम, प्रियांशू सक्सेना और रज्जू सहित अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय सहयोग दिया।

समाज से सहयोग की अपील
संस्था ने नागरिकों, प्रवासी जनों और समाजसेवियों से इस सेवा अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से अनाथ बच्चों को बेहतर शिक्षा और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक जीवन का अवसर प्रदान किया जा सकता है।
