गोरखपुर
मार्ग बदहाल, गहरे गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा
गोरखपुर। बड़हलगंज क्षेत्र में बैदौली से महुआपार को जोड़ने वाली सड़क जर्जर होने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उखड़ी सतह के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है। बरसात के मौसम में जलभराव से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, किसान और ग्रामीण आवाजाही करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में कठिनाई होती है, जबकि कई साइकिल और बाइक सवार फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। बारिश के दौरान मार्ग की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है।
स्थानीय निवासी सूरज यादव, रवि गोंड, महताब आलम, सूरज कुमार और अवधेश यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से बैदौली–महुआपार मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सड़क का निर्माण या मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
