गोरखपुर
टप्पेबाजी का आरोपी गिरफ्तार, 10,060 रुपये और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद
गोरखपुर। बेलघाट पुलिस ने टप्पेबाजी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से टप्पेबाजी के 10,060 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक दोपहिया वाहन बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बेलघाट के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आशीष त्रिपाठी व पुलिस टीम ने थाना बेलघाट पर दर्ज मुकदमा संख्या 202/2026 के वांछित आरोपी रामहजूर पुत्र श्रीपत, निवासी ग्राम शुकुलपुरा, थाना सिकरीगंज, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पीड़ित बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहा था। रास्ते में आरोपी ने उसे बातों में उलझाकर विश्वास में लिया और बैंक से निकाले गए रुपये एक पॉलीथीन में रखने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी ने चालाकी से रुपये वाली पॉलीथीन बदलकर दूसरी पॉलीथीन थमा दी। जब दो दिन बाद पीड़ित ने पॉलीथीन खोली तो उसमें नकदी की जगह सादे कागज मिले। पीड़ित की तहरीर पर थाना बेलघाट में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 318(4), 303(2) एवं 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10,060 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक दोपहिया वाहन बरामद किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
