मिर्ज़ापुर
दर्शन करने पहुंची महिला की सोने की चेन चोरी
18 ग्राम की चेन गायब, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए शुरू की जांच
मीरजापुर। गैपुरा क्षेत्र के प्रसिद्ध मां दुलारों धाम, डेरवा में आषाढ़ मास के तीसरे सोमवार को दर्शन-पूजन के दौरान एक महिला श्रद्धालु की सोने की चेन चोरी हो गई। घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के रीवा जिले के थाना जवा क्षेत्र अंतर्गत अंगवा गांव निवासी पूनम सिंह पत्नी अनिल सिंह अपने मायके चिलबिला मांगा, प्रयागराज से भाई दिलीप सिंह एवं अन्य परिजनों के साथ मां दुलारों धाम दर्शन करने पहुंची थीं।
भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने उड़ाई चेन
सोमवार दोपहर करीब 12:05 बजे जब पूनम सिंह मंदिर में दर्शन कर रही थीं, तभी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने उनके गले से करीब 18 ग्राम वजन की सोने की चेन चोरी कर ली। कुछ समय बाद महिला को चेन गायब होने की जानकारी हुई तो उन्होंने मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को घटना की सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। हालांकि, अभी तक चोरों के संबंध में कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
चेन चोरी की घटना से महिला श्रद्धालु काफी आहत हो गईं और रोते-बिलखते परिजनों के साथ वापस लौट गईं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
