मिर्ज़ापुर
गुरु पूर्णिमा मेले के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार
सक्तेशगढ़ में 30 डॉक्टर और तीन एंबुलेंस रहेंगी तैनात, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मिर्जापुर। सक्तेशगढ़ स्थित स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के आश्रम में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा मेले को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेले में 30 चिकित्सकों की तैनाती की गई है, जो निर्धारित समय पर अपनी सेवाएं देंगे। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन एंबुलेंस भी मौके पर तैनात रहेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वीरेन्द्र चौधरी ने बताया कि मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संबंधित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस संबंध में विभाग की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पत्र जारी कर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
