Connect with us

मिर्ज़ापुर

जरगो नहर से 12वीं की छात्रा का शव बरामद

Published

on

Loading...
Loading...

परिवार में मचा कोहराम

सामान लेने निकली थी किशोरी, सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने से हुई पहचान

मीरजापुर। अदलहाट थाना क्षेत्र के श्रुतिहार गांव के पास स्थित जरगो नहर से सोमवार को 17 वर्षीय छात्रा का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मृतका की पहचान बेलहर गांव निवासी रीजवाना बानो पुत्री अबुल हसन के रूप में हुई है। रीजवाना आदर्श इंटर कॉलेज अदलहाट में कक्षा 12 की छात्रा थी।

शनिवार शाम घर से निकली थी छात्रा

परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम करीब पांच बजे रीजवाना घर से सामान खरीदने के लिए विक्सी चट्टी गई थी। इसके बाद वह देर शाम तक घर नहीं लौटी तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

Advertisement

इसी बीच जरगो नहर में एक किशोरी का शव बहते हुए दिखाई देने और उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की जानकारी परिजनों को मिली। सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान रीजवाना बानो के रूप में की गई।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची थी पीआरवी

बताया गया कि जरगो नहर में शव बहता देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन तत्काल पहचान नहीं हो सकी थी।

बाद में सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद मृतका की पहचान हुई। मृतका छह बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी।

पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

प्रभारी निरीक्षक अदलहाट अजय कुमार सेठ ने बताया कि मृतका के पिता अबुल हसन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page