मिर्ज़ापुर
गड़बड़ा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
मां शीतला के दरबार में 30 हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश
गुप्त नवरात्रि पर भोर से लगी कतारें, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
मीरजापुर। हलिया क्षेत्र के प्रसिद्ध गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला देवी मंदिर में सोमवार को आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। आषाढ़ मास शुक्ल पक्ष सप्तमी और गुप्त नवरात्रि के अवसर पर मां शीतला के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भोर करीब चार बजे से ही मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो दिनभर लगातार बढ़ती रहीं।
सुबह की आरती के साथ ही मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा। दूर-दराज के गांवों और विभिन्न जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भारी मौजूदगी से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में बदल गया।
एक किलोमीटर तक लगी रही श्रद्धालुओं की कतार
सेवटी नदी के घाट से लेकर शीतला मंदिर तक करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालु हाथों में नारियल, चुनरी, फूल-माला और पूजन सामग्री लेकर माता के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भक्तों ने मां को नारियल, गुड़हल की माला, हलवा-पूरी, चुनरी सहित विभिन्न सामग्री अर्पित कर मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।
मंदिर के पुजारी मंगलधारी मिश्रा ने बताया कि दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा और देर रात तक करीब 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दर्शन किए।
सीसीटीवी से रखी गई सुरक्षा व्यवस्था पर नजर
मंदिर प्रबंधक प्रकाश चंद्र शुक्ला की देखरेख में पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंदिर परिसर के आसपास लगे मेले में भी काफी चहल-पहल रही। श्रद्धालुओं ने पूजा सामग्री, घरेलू सामान और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की, वहीं बच्चों ने खिलौने खरीदकर मेले का आनंद लिया।
दिनभर गड़बड़ा धाम श्रद्धा, आस्था और उत्साह का केंद्र बना रहा। चारों ओर सिर्फ “जय माता दी” के जयकारे गूंजते रहे।
