भदोही
15 वर्षों से नाली और इंटरलॉकिंग मार्ग का इंतजार, सुरियावां की दलित बस्ती के लोगों का फूटा आक्रोश
कीचड़ और गंदगी के बीच आवागमन को मजबूर वार्डवासी, नगर पंचायत के खिलाफ प्रदर्शन की चेतावनी
ईओ बोले- इंटरलॉकिंग मार्ग और ढक्कनयुक्त नाली का प्रस्ताव स्वीकृत, टेंडर के बाद शुरू होगा कार्य
सुरियावां (भदोही)। नगर पंचायत सुरियावां के वार्ड नंबर-2 सुभाषनगर मलेपुर की अनुसूचित जाति बस्ती के लोग पिछले करीब 15 वर्षों से नाली और इंटरलॉकिंग मार्ग की समस्या से जूझ रहे हैं। बदहाल रास्ते और जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। नाराज वार्डवासियों ने सड़क पर प्रदर्शन कर जल्द समस्या समाधान की मांग की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वार्ड में करीब तीन हजार की आबादी निवास करती है, जिसमें लगभग दो हजार लोग अनुसूचित जाति समुदाय से हैं। कड़ेदिन सरोज के मकान से अनुसूचित बस्ती तक करीब 300 मीटर से अधिक लंबा मार्ग वर्षों से जर्जर है। सड़क पर नाली की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के समय कीचड़ और गंदगी जमा हो जाती है।
कीचड़ और गंदगी से बढ़ रहा बीमारी का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि घर से बाहर निकलने के लिए उन्हें रोजाना कीचड़ और गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे लोगों में बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत क्षेत्र में होने के बावजूद स्वच्छता व्यवस्था बदहाल है।
पीडब्ल्यूडी के नाम पर टलता रहा मामला
वार्डवासियों का आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से लंबे समय तक यह कहकर समस्या टाली जाती रही कि मार्ग का निर्माण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कराएगा। ग्रामीणों का कहना है कि दो साल तक इसी बहाने समस्या का समाधान नहीं हुआ, जबकि यह नगर पंचायत की जिम्मेदारी है।
एक माह में समाधान नहीं तो नगर पंचायत कार्यालय पर प्रदर्शन
समस्या से नाराज वार्डवासियों ने सड़क पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि एक माह के अंदर मार्ग और नाली का निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो नगर पंचायत कार्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में विकास सरोज, विनायक, राजू, डंगर, धर्मेंद्र, संजय, प्यारेलाल, उजागिर, लालजी, राजेश, मोती, करिया सहित महिलाओं में वंदना देवी, शोभादेवी, सरोजा देवी, फुलदेई, कुसुम, प्रियंका और मुन्नी देवी समेत कई लोग शामिल रहे।
टेंडर के बाद शुरू होगा निर्माण कार्य : ईओ
नगर पंचायत सुरियावां के अधिशासी अधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि समस्या को देखते हुए कड़ेदिन सरोज के मकान से इंटरलॉकिंग मार्ग और ढक्कनयुक्त नाली निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्य शुरू होने में लगभग एक माह का समय लग सकता है।
