भदोही
पक्के पुल और विश्वविद्यालय की पहल पर विधायक विपुल दूबे का भव्य अभिनंदन
कोनियाँवासियों ने माल्यार्पण कर किया स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
पुल निर्माण को बताया वर्षों पुराने सपने की पूर्ति, विश्वविद्यालय से युवाओं को मिलेगा उच्च शिक्षा का अवसर
सीतामढ़ी (भदोही)। डीघ ब्लॉक के भभौरी स्थित मालती पब्लिक स्कूल परिसर में रविवार को कोनियाँवासियों की ओर से ज्ञानपुर विधायक विपुल दूबे के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर विधायक का स्वागत किया।
समारोह में लोगों ने विधायक विपुल दूबे को माल्यार्पण कर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुआ।
पक्के पुल निर्माण की पहल को बताया ऐतिहासिक कदम
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कोनियाँ क्षेत्र को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित पक्के पुल के निर्माण की पहल क्षेत्रवासियों के वर्षों पुराने सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और विकास की गति तेज होगी।
विश्वविद्यालय की पहल से शिक्षा को मिलेगा नया आयाम
वक्ताओं ने जिले के महाविद्यालय को विश्वविद्यालय का स्वरूप दिलाने की पहल को शिक्षा क्षेत्र में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इससे हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत : विधायक
इस अवसर पर विधायक विपुल दूबे ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, पुल, शिक्षा और अन्य जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
लोकगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
समारोह की विशेष आकर्षण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। कलाकारों ने लोकगीत, स्वागत गीत और रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
कार्यक्रम का आयोजन आशुतोष शुक्ला एवं समस्त कोनियाँवासियों के सहयोग से किया गया।
इस दौरान कमला शंकर मिश्रा, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विधान चंद दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष शैलेश पांडेय, आशुतोष शुक्ला, शिवचंद शुक्ला, पूर्व प्रधान बैजनाथ दुबे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सभी ने मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
