Connect with us

मिर्ज़ापुर

घर के पीछे से घुसे चोरों ने 52 लाख के आभूषण और 50 हजार नकद उड़ाए

Published

on

Loading...
Loading...

ड्रमंडगंज के सेमरा कलां गांव में वारदात, सीसीटीवी में कैद हुए दो संदिग्ध चोर

सीसीटीवी कैमरे का तार तोड़कर दिया घटना को अंजाम, पुलिस पहचान में जुटी

मीरजापुर (ड्रमंडगंज)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के रतेह चौराहा के पास स्थित सेमरा कलां गांव में शुक्रवार की देर रात हौसला बुलंद चोरों ने एक मकान में घुसकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर के पीछे लगे लकड़ी के दरवाजे की कुंडी तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी शनिवार सुबह होने पर गृहस्वामी और परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।

सेमरा कलां निवासी सीताराम केसरवानी ने बताया कि उन्होंने अपने मकान के आगे वाले हिस्से में किराने की दुकान खोल रखी है। शुक्रवार रात भोजन करने के बाद परिवार के अन्य सदस्य मकान के ऊपरी हिस्से में सोने चले गए, जबकि वह सामने वाले हिस्से में सो रहे थे।

बताया गया कि रात करीब दो बजे चोर मकान के पीछे लगे लकड़ी के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर दाखिल हुए। घर में प्रवेश करने से पहले चोरों ने सीसीटीवी कैमरे का तार तोड़ दिया, लेकिन उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद हो गईं।

Advertisement

चोरों ने घर के पिछले हिस्से में स्थित कमरे में रखी आलमारी का लॉक तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इसके बाद किराने की दुकान की दराज में रखे 50 हजार रुपये नकद भी लेकर फरार हो गए।

गृहस्वामी सीताराम केसरवानी के अनुसार चोरी गए आभूषण उनकी स्वर्गीय पत्नी सीता केसरवानी, मां गुलाब कली और पुत्रवधू रूबी के थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 52 लाख रुपये बताई गई है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ड्रमंडगंज राजेश कुमार, एसआई रमेश यादव, पुनीत गुप्ता और रघुवर शरण राय मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है।

प्रभारी निरीक्षक ड्रमंडगंज राजेश कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी में कैद हुए गमछे से चेहरा ढके दोनों संदिग्धों की पहचान कराई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page