मिर्ज़ापुर
राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित
अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनपीएस वात्सल्य, पेंशन फंड प्रबंधन और निवेश रणनीति की दी गई जानकारी
मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) विषयक जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) विनोद सिंह ने की।
प्रशिक्षण सत्र में जीएसपी पेंशन फंड मैनेजर की शाखा प्रबंधक सुश्री सोनल सिंह एवं एएसएम ऋषिकांत मिश्रा ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में एनपीएस वात्सल्य योजना, पेंशन फंड मैनेजर तथा एन्युटी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने एनपीएस वात्सल्य योजना के उद्देश्य, लाभ और सरकारी प्रावधानों की जानकारी देते हुए इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण के दौरान लाइफ साइकिल-50 (एलसी-50) और लाइफ साइकिल-25 (एलसी-25), विभिन्न निवेश विकल्पों, फंड परिवर्तन की सुविधाओं तथा बेहतर निवेश रणनीति अपनाकर दीर्घकाल में पेंशन कॉर्पस बढ़ाने के उपायों की भी जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को उचित एसेट एलोकेशन और समय-समय पर फंड विकल्पों में बदलाव कर निवेश का बेहतर प्रबंधन करने के बारे में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों ने प्रशिक्षण सत्र को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर महेंद्र सिंह, चुनार के उप जिलाधिकारी अनेग सिंह, लालगंज के उप जिलाधिकारी अजीत कुमार, मड़िहान के उप जिलाधिकारी संतोष कुमार ओझा, बंदोबस्त अधिकारी, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
