मिर्ज़ापुर
मतदेय स्थलों के युक्तियुक्तकरण पर डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक
35 नए मतदेय स्थलों का प्रस्ताव, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
मीरजापुर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत मतदेय स्थलों के संभाजन एवं युक्तियुक्तकरण को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए।
बैठक में भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष चन्द्राशु गोयल, कांग्रेस के प्रवक्ता छोटे खान, बसपा के जिलाध्यक्ष अलगूराम भारती, जिला संयोजक अनिल कुमार गौतम, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रो. बी. सिंह, समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष झल्लू यादव, अनीस खान सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया चल रही है। वर्तमान में जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,258 मतदेय स्थल हैं।
उन्होंने बताया कि छानबे (सु.) विधानसभा में 462, मीरजापुर में 451, मझवां में 474, चुनार में 426 तथा मड़िहान विधानसभा क्षेत्र में 445 मतदेय स्थल संचालित हैं।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि प्रस्ताव के अनुसार जनपद में 35 नए मतदेय स्थलों के भवनों का चिन्हांकन किया गया है। इसके साथ ही जर्जर हो चुके कुछ मतदान केंद्रों को अन्य उपयुक्त भवनों में स्थानांतरित करने की भी योजना है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदेय स्थल ऐसे स्थान पर होना चाहिए, जहां मतदाता आसानी से पहुंच सकें तथा वहां बिजली, पेयजल, रैंप और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने अधिकारियों को इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने स्तर पर मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर दूरस्थ या जर्जर मतदान केंद्रों की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर मतदान व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाया जा सके।
