गोरखपुर
नदी में सैकड़ों मृत मुर्गियां मिलने से मचा हड़कंप
संक्रमण के खतरे से ग्रामीणों में दहशत
पोल्ट्री फार्म संचालक पर मृत मुर्गियां फेंकने का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच और कार्रवाई की मां
गोरखपुर। जंगल डुमरी नंबर-2 के पास स्थित नदी में सैकड़ों मृत मुर्गियां मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। नदी में बड़ी संख्या में मृत मुर्गियां मिलने के बाद ग्रामीणों में संक्रमण फैलने और पानी प्रदूषित होने की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि किसी पोल्ट्री फार्म संचालक ने बीमारी से मरी मुर्गियों को बिना निस्तारण कराए नदी में फेंक दिया है। मृत मुर्गियों के कारण नदी से तेज दुर्गंध उठ रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस नदी के पानी का उपयोग पशुओं को पिलाने और खेतों की सिंचाई के लिए किया जाता है। ऐसे में नदी का पानी दूषित होने से पशुओं और लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा सकता है।
ग्रामीणों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नदी में पड़ी मृत मुर्गियों को तत्काल बाहर निकलवाकर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जाए। इसके साथ ही नदी के पानी की जांच कराई जाए और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
जंगल डुमरी नंबर-2 के प्रधान प्रतिनिधि अमित कुमार साहनी ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित विभागों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मृत मुर्गियां नदी में किसने फेंकी हैं।
उन्होंने बताया कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कराई जाएगी। साथ ही संबंधित विभागों के सहयोग से नदी से मृत मुर्गियों को निकलवाकर सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार के संक्रमण या बीमारी के खतरे को रोका जा सके।
