Connect with us

जौनपुर

दूल्हे आजाद बिंद को श्रद्धांजलि देने जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष को पुलिस ने किया नजरबंद

Published

on

Loading...
Loading...

सुजानगंज व जौनपुर शहर में कांग्रेस नेताओं के आवास पर भारी पुलिस बल तैनात, पार्टी ने सरकार पर लगाए लोकतंत्र दमन के आरोप

जिलाध्यक्ष बोले— श्रद्धांजलि देने से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन, पुलिस की कार्रवाई पर जताया विरोध

जौनपुर। बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड के मृतक आजाद बिंद को श्रद्धांजलि देने उनके आवास जाने की तैयारी कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह को शुक्रवार को पुलिस ने उनके सुजानगंज स्थित आवास पर नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया। इसी क्रम में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान को भी उनके जौनपुर स्थित आवास पर पुलिस निगरानी में रखा गया। दोनों नेताओं के आवासों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के साथ जिला सचिव इरशाद खान, रमेश बेबी और कांग्रेस नेता फिरोज खान को भी घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई।

नजरबंदी के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने प्रदेश सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसी दिवंगत व्यक्ति को श्रद्धांजलि अर्पित करने से रोकना लोकतंत्र और संविधान की भावना के विपरीत है। उनका आरोप था कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है और सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।

Advertisement

डॉ. सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को रोककर सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि जनता आगामी समय में इसका जवाब देगी।

फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। घटना को लेकर जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page