Connect with us

गाजीपुर

कपिल देव राम का भव्य अभिनंदन, नई जिम्मेदारी पर युवाओं ने किया सम्मानित

Published

on

Loading...
Loading...

मेरा युवा भारत के पूर्व उपनिदेशक बने बिहार के राज्य निदेशक व सेंट्रल जोन के रीजनल डायरेक्टर

बोले— गाजीपुर मेरे लिए कार्यस्थल नहीं, परिवार है; युवाओं के सहयोग को बताया सबसे बड़ी पूंजी

गाजीपुर। मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्कालीन उपनिदेशक कपिल देव राम के बिहार प्रदेश के राज्य निदेशक तथा सेंट्रल जोन (उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश) के रीजनल डायरेक्टर नियुक्त होने पर विकास भवन सभागार में भव्य सम्मान एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। जनपद के युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

सम्मान से अभिभूत कपिल देव राम ने कहा कि गाजीपुर उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार है। उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का श्रेय पूरी टीम, स्वयंसेवकों और जनपद की युवा शक्ति को देते हुए कहा कि किसी भी संस्था की सफलता सामूहिक प्रयास, पारदर्शिता और सेवा भावना से ही संभव है। उन्होंने नई जिम्मेदारी को सम्मान के साथ-साथ बड़ा दायित्व बताते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण, कौशल विकास, नेतृत्व और सामाजिक सेवा से जोड़ने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम का शुभारंभ लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक सुभाष चंद्र प्रसाद के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कपिल देव राम की टीम भावना, पारदर्शी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की सराहना की। जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने कहा कि गाजीपुर की युवा शक्ति सदैव रचनात्मक गतिविधियों में अग्रणी रही है और भविष्य में भी संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Advertisement

समारोह को संबोधित करते हुए सरोज कुमार राय ने कहा कि कपिल देव राम ने अपनी ईमानदार कार्यशैली और नेतृत्व से पद की गरिमा को नई पहचान दी। वहीं आरसेटी के पूर्व निदेशक विनोद शर्मा ने उनके नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम में लोकगायक सूबेदार स्नेही, राजन पंडित और जावेद खान ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर समारोह को सांस्कृतिक रंग दिया। इस अवसर पर कमरुद्दीन, राघवेंद्र कुशवाहा, हरेंद्र कुशवाहा, पंकज सिंह टाइगर, पंकज सिंह यादव, सुमन बिंद, नन्हे सिंह, कमलेश प्रकाश सिंह, अमरनाथ तिवारी, रमेश सिंह चौहान, पारसनाथ यादव, विजय बहादुर, राजकुमार पांडेय, गुप्तेश्वर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अंगद सिंह यादव तथा आभार प्रदर्शन नवीन सिंह ने किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page