Connect with us

मिर्ज़ापुर

टेंडर से अधिक सड़क निर्माण का आरोप, ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी से की कार्रवाई की मांग

Published

on

Loading...
Loading...

घर के सामने 10 मीटर अतिरिक्त सड़क बनाने का आरोप, हटाने के लिए अधिकारियों को दिया प्रार्थना पत्र

समय पर कार्रवाई न होने पर दीवानी और फौजदारी वाद दायर करने की चेतावनी

मीरजापुर। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम दुगरहा में सड़क निर्माण कार्य को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि स्वीकृत निविदा (टेंडर) की सीमा से आगे बढ़कर उनके मकान के सामने करीब 10 मीटर अतिरिक्त सड़क का अवैध निर्माण कर दिया गया, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की गई है।

ग्राम दुगरहा निवासी अजय दूबे एवं अवधेश दूबे ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गांव में एक किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए निविदा स्वीकृत हुई थी और ठेकेदार द्वारा निर्धारित सीमा तक सड़क का निर्माण कर दिया गया था। उनका आरोप है कि कार्य पूरा होने के बाद बची हुई गिट्टी, कोलतार एवं अन्य सामग्री का उपयोग कर उनके मकान के मुख्य द्वार के सामने लगभग 10 मीटर अतिरिक्त सड़क बना दी गई, जो टेंडर की सीमा से बाहर है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यह निर्माण रंजिशवश कराया गया है, जिससे उनके आवागमन और अन्य दैनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने अतिरिक्त निर्माण हटाकर स्थल को पूर्व स्थिति में बहाल करने की मांग की है।

Advertisement

ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यदि 10 दिनों के भीतर कथित अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो वे संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध दीवानी एवं फौजदारी न्यायालय में वाद दायर करने के लिए बाध्य होंगे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page