Connect with us

मिर्ज़ापुर

किसानों की समस्याओं को लेकर सपा का चारों तहसीलों पर प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

खाद, बिजली, पानी, सड़क और महंगाई के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी

जिलाध्यक्ष बोले— किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं, समाधान न हुआ तो होगा उग्र आंदोलन

मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार को किसानों की समस्याओं, खाद की उपलब्धता, बिजली-पानी की बदहाल व्यवस्था, सड़कों की खराब स्थिति और बढ़ती महंगाई को लेकर जिले की सदर, चुनार, मड़िहान और लालगंज तहसीलों पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने संबंधित उपजिलाधिकारियों को मांगपत्र सौंपकर जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

सदर तहसील में सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी एवं विधानसभा अध्यक्ष झल्लू यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और उपजिलाधिकारी महेन्द्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। मांगपत्र में किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता, बिजली संकट का समाधान, पेयजल व्यवस्था, जलभराव की समस्या और महंगाई पर नियंत्रण की मांग की गई।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि यदि किसानों और आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

Advertisement

इसी क्रम में मड़िहान तहसील में विधानसभा अध्यक्ष शैलेष पटेल के नेतृत्व में प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी अनेक सिंह को छह सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया। वहीं चुनार तहसील में विधानसभा अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी राजेश वर्मा को ज्ञापन दिया गया।

लालगंज तहसील में भी सपा कार्यकर्ताओं ने खाद, बिजली, पानी और स्थानीय समस्याओं को लेकर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

चारों तहसीलों में आयोजित प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम में झल्लू यादव, मुन्नी यादव, सतीश मिश्रा, रवि सोनकर, अनीस खान, भोलानाथ यादव, कन्हैया यादव, अशोक यादव, लाल बहादुर यादव, जाहिद अख्तर, रामजी यादव, मनोज चौहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं मड़िहान, चुनार और लालगंज तहसीलों में भी बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page