गाजीपुर
नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय का गाजीपुर में भव्य स्वागत
प्रदेश जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ वाराणसी मंडल की बैठक में मिली जिम्मेदारी, शिक्षकों ने जताई खुशी
शिक्षक हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
गाजीपुर। प्रदेश जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ वाराणसी मंडल की आवश्यक बैठक 12 जुलाई को वाराणसी स्थित डायट परिसर के कंपोजिट विद्यालय में संपन्न हुई। बैठक में वाराणसी मंडल के चारों जनपदों के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से गाजीपुर के वेद प्रकाश पाण्डेय को मंडल अध्यक्ष चुना। वहीं वाराणसी जनपद से मंडल महामंत्री, जौनपुर जनपद से वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा कोषाध्यक्ष का चयन किया गया।
मंडल अध्यक्ष चुने जाने की सूचना गाजीपुर पहुंचते ही शिक्षकों एवं संगठन के पदाधिकारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। जिले के विभिन्न स्थानों पर नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय का माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सदैव शिक्षक हितों की रक्षा, संगठन की मजबूती तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता ही शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों की सबसे बड़ी ताकत है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे और सभी ने नए नेतृत्व से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।
