Connect with us

बलिया

लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, मुरलीछपरा के ग्राम विकास अधिकारी पंकज गोंड निलंबित

Published

on

Loading...
Loading...

10 दिन तक ड्यूटी से रहे गायब, सरकारी योजनाओं में लापरवाही और पंचायत भवनों में सीसीटीवी न लगवाने पर कार्रवाई

बैरिया (बलिया)। सरकारी कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में मुरलीछपरा विकास खंड में तैनात ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) पंकज कुमार गोंड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश ने यह कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश भी दिए हैं। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें बैरिया ब्लॉक मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।

मुरलीछपरा के खंड विकास अधिकारी शकील अख्तर अंसारी ने बताया कि पंकज गोंड ग्राम पंचायत सोनकी भाट, खवासपुर, श्रीपतिपुर और कोड़हरा उपरवार के प्रभारी थे। पिछले दो महीनों से उनकी कार्यशैली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं और उन्हें कई बार चेतावनी भी दी गई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

जिला विकास अधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार, वीडीओ बिना पूर्व अनुमति के लगातार 10 दिनों तक ड्यूटी से अनुपस्थित रहे। इसके अलावा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, जैसे फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी और आधार डेटा संग्रह के कार्यों में भी उन्होंने गंभीर लापरवाही बरती।

सीसीटीवी और बैठकों की अनदेखी भी बनी कार्रवाई का आधार

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद संबंधित पंचायत भवनों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए। साथ ही वीडीओ ब्लॉक स्तर पर आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठकों से भी लगातार अनुपस्थित रहे।

Advertisement

प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर जिला विकास अधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच हनुमानगंज के खंड विकास अधिकारी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page