वाराणसी
स्ट्रीट वेंडर्स की समस्याओं पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, सांसद मनोज तिवारी बोले— अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं पथ विक्रेता
नई दिल्ली में राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ का आयोजन, चुनौतियों और समाधान पर हुई चर्चा
स्वनिधि योजना से वेंडर्स को मिला संबल, नगर निकाय सम्मानजनक माहौल दें : मनोज तिवारी
वाराणसी/नई दिल्ली। राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ के तत्वावधान में नई दिल्ली स्थित कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में “स्ट्रीट वेंडर्स के समक्ष चुनौतियां एवं समाधान” विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। देश के विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों पथ विक्रेताओं, पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लेकर अपनी समस्याओं और सुझावों पर विचार-विमर्श किया।

मुख्य अतिथि सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। करोड़ों परिवारों की आजीविका इस क्षेत्र से जुड़ी है और शहरी अर्थव्यवस्था में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से लाखों वेंडर्स को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया गया है, जिससे उनके कारोबार को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि नगर निकायों को स्ट्रीट वेंडर्स को अतिक्रमणकारी नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले नागरिक के रूप में देखना चाहिए और उनके लिए सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करना चाहिए। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि वेंडर्स की समस्याओं को संसद और संबंधित मंत्रालयों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
संगोष्ठी में अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता महामंडलेश्वर महंत नवल किशोर दास विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आलोक पांडेय ने की, संयोजन गोपाल सिंह तथा संचालन राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक निगम ने किया। अंत में डॉ. अनिल कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
