बलिया
दो दिन और सताएगी भीषण गर्मी, 30 जून से झमाझम बारिश के आसार
पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक करीब, तेज आंधी और बारिश से मिलेगी राहत
मौसम में बदलाव के संकेत, तापमान में गिरावट से किसानों और आमजन को होगी राहत
बलिया। पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी और लू का असर बना रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 30 जून से मानसून सक्रिय होने के साथ प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और व्यापक वर्षा का दौर शुरू हो सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
कृषि विज्ञान केंद्र सोहांव के अवकाश प्राप्त वैज्ञानिक प्रो. रवि प्रकाश मौर्य ने बताया कि मानसून बिहार के रास्ते पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा। सबसे पहले देवरिया और महराजगंज सहित सीमावर्ती जिलों में इसकी दस्तक होगी, जिसके बाद धीरे-धीरे पूरे पूर्वांचल में वर्षा का विस्तार होगा।
उन्होंने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे भीषण गर्मी और उमस लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। हालांकि, 28 जून से मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 30 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और झमाझम बारिश होने की संभावना है। व्यापक वर्षा से तापमान में गिरावट आएगी और किसानों के साथ-साथ आमजन को भी भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
