Connect with us

गोरखपुर

आज होगी यूपीएसएसएससी भेषजिक मुख्य परीक्षा, 14 केंद्रों पर 6432 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Published

on

Loading...
Loading...

एक पाली में होगी परीक्षा, सुरक्षा और निष्पक्षता के लिए व्यापक इंतजाम

स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात, सीसीटीवी और बायोमेट्रिक निगरानी में होगी परीक्षा

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की भेषजिक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025/02) सोमवार, 29 जून को जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा एक ही पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसमें कुल 6432 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा सभी 14 केंद्रों के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।

आयोग की ओर से परीक्षा पर्यवेक्षक के रूप में एसएस बघेल (सदस्य, यूपीएसएसएससी) को नियुक्त किया गया है। वहीं जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी (सिटी) गजेंद्र कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी एसपी सिटी निमिष पाटील के नेतृत्व में होगी।

Advertisement

प्रशासन ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विलंब से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अधिकारियों ने कहा है कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page