आजमगढ़
अजय व अंकिता विश्वकर्मा का कृषि विभाग में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
UPSSSC परीक्षा में प्राविधिक सहायक पद पर मिली सफलता, गांव में हुआ भव्य स्वागत
बूढ़नपुर (आजमगढ़)।तहसील क्षेत्र के कौड़ियां गांव निवासी अजय विश्वकर्मा एवं उनकी छोटी बहन अंकिता विश्वकर्मा का चयन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC), लखनऊ द्वारा आयोजित परीक्षा के माध्यम से कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक (टेक्निकल असिस्टेंट) पद पर हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
दोनों भाई-बहन की सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गांव में मिठाई बांटकर और स्वागत कर खुशी का इजहार किया गया।
अजय विश्वकर्मा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से प्राप्त की, इसके बाद उन्होंने उद्योग विद्यालय इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने श्री दुर्गा जी पीजी कॉलेज, चंदेश्वर से बीएससी एग्रीकल्चर तथा टीडी कॉलेज, जौनपुर से एमएससी एग्रीकल्चर की डिग्री हासिल की।
वहीं उनकी बहन अंकिता विश्वकर्मा ने किसान बालिका इंटर कॉलेज रानीपुर से हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की और कठिन परिश्रम के बल पर यह सफलता अर्जित की।
अपनी सफलता का श्रेय दोनों ने अपने माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और मार्गदर्शन के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी।
दोनों के पिता रामगोपाल विश्वकर्मा लखनऊ में फर्नीचर व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि माता लालमती गृहिणी हैं। इस अवसर पर अनूप विश्वकर्मा, सहायक अध्यापक पिंकी शर्मा, अमित विश्वकर्मा सहित अनेक लोगों ने दोनों का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
