आजमगढ़
मंडलीय कानून व्यवस्था बैठक में अफवाहों पर सख्ती, आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश
सोशल मीडिया निगरानी, अवैध वाहनों व स्कूल बसों की फिटनेस पर कड़े निर्देश
आजमगढ़।मंडलायुक्त विवेक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में मंडलीय कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के सभी जिलों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों, गलत सूचनाओं तथा निजी फोटो-वीडियो के अवैध प्रसार के मामलों को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त ने तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों को आईटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।
अपराध और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कोचिंग संस्थानों एवं अस्पतालों में आगजनी जैसी घटनाओं के दृष्टिगत सभी सुरक्षा मानकों की जांच करने तथा पंजीकरण एवं दस्तावेजों की पूर्णता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अभियान चलाकर इन संस्थानों का निरीक्षण करने को कहा गया।
अवैध परिवहन पर सख्ती बरतते हुए मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि मंडल में बिना परमिट किसी भी वाहन का संचालन न हो। उन्होंने तीनों जनपदों में अवशेष 919 स्कूली बसों की फिटनेस तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि अनुपालन न होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंडलायुक्त ने कहा कि अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और आपराधिक मामलों में संलिप्त व्यक्तियों पर गुंडा एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविंद्र कुमार, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर, पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह, अपर आयुक्त प्रमोद कुमार पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी बलिया ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गंभीर सिंह सहित मंडलीय एवं जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।
