चन्दौली
मुगलसराय विधानसभा से औसाफ अहमद गुड्डू को टिकट देने की उठी मांग
सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष और विधायक से मुलाकात कर राष्ट्रीय नेतृत्व तक प्रस्ताव पहुंचाने की अपील की
जिलाध्यक्ष व विधायक ने मांग को अखिलेश यादव के समक्ष रखने का दिया आश्वासन
मुगलसराय (चंदौली)। समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर के आवास पहुंचा और मुगलसराय (380) विधानसभा सीट से पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख औसाफ अहमद गुड्डू को पार्टी प्रत्याशी बनाए जाने की मांग उठाई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब तक मुगलसराय विधानसभा से समाजवादी पार्टी ने अल्पसंख्यक समुदाय के किसी नेता को टिकट नहीं दिया है, जबकि विधानसभा क्षेत्र में अल्पसंख्यक समाज की बड़ी आबादी है। उनका कहना था कि यदि इस बार औसाफ अहमद गुड्डू को उम्मीदवार बनाया जाता है तो पार्टी को जीत मिलने की संभावना और मजबूत होगी।
इस पर जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनकी मांग को शीघ्र ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष रखा जाएगा और पार्टी नेतृत्व इस पर विचार करेगा।
इसके बाद कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण यादव के कैलावर स्थित आवास पहुंचा और उनसे भी मुगलसराय विधानसभा से औसाफ अहमद गुड्डू को टिकट देने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि औसाफ अहमद गुड्डू का जनसंपर्क और व्यवहार आम लोगों के बीच अच्छा है। उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने से न केवल मुगलसराय विधानसभा, बल्कि जनपद की अन्य विधानसभा सीटों पर भी पार्टी को लाभ मिलेगा और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा।
विधायक प्रभु नारायण यादव ने भी कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि औसाफ अहमद गुड्डू के नाम का प्रस्ताव राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे उम्मीदवारों की तलाश में है जो विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित कर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर रिजवान अहमद, हैदर अली खान, नदीम अहमद, जिया अहमद, सूफी अलमीन, कमाल अहमद, मोहम्मद हारून, फखरुद्दीन, आफताब अहमद, निहालुद्दीन, इरफान अहमद, नियाज अहमद, जावेद अहमद सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
