चन्दौली
तलाक के बाद भी उत्पीड़न व जान से मारने की धमकी का आरोप, एसपी से लगाई गुहार
निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज कराने की मांग, सुरक्षा की भी उठाई मांग
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के जेवरियाबाद निवासी जितेंद्र भारती ने अपनी पूर्व पत्नी एवं अन्य परिजनों पर तलाक के बाद भी उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित का आरोप है कि उसकी शादी बलुआ थाना क्षेत्र के पट्टी जयरामपुर निवासी हरिप्रिया उर्फ गुड़िया से हुई थी। वैवाहिक जीवन के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर मामला न्यायालय पहुंचा। न्यायालय में विचाराधीन मुकदमे के आधार पर 2 अप्रैल 2025 को दोनों का तलाक हो गया।
प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि तलाक के बाद भी पूर्व पत्नी एवं उसके परिजन लगातार उसे धमका रहे हैं। उनका कहना है कि यदि वह क्षेत्र छोड़कर नहीं गया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपित उसके घर के आसपास आकर डराने-धमकाने का प्रयास करते हैं, जिससे उसके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे जमीन में दफना देने जैसी गंभीर धमकियां दी जा रही हैं।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज करने तथा अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायत के आधार पर आवश्यक जांच की प्रक्रिया की जा रही है।
