Connect with us

गाजीपुर

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की उठाई मांग

गाजीपुर में कांग्रेस नेताओं ने सरकार की भूमिका पर उठाए सवाल

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी गाजीपुर के नेतृत्व में बुधवार को सरजू पांडे पार्क, कचहरी परिसर में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन न्यायिक एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।

Advertisement

आस्था से जुड़े मामले में पारदर्शिता जरूरी : सुनील राम

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि प्रभु श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास के केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर के चढ़ावे से संबंधित सामने आए आरोपों ने लोगों के बीच चिंता पैदा की है। ऐसे मामलों में पारदर्शी जांच और समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।

सरकार जवाबदेही तय करे : कांग्रेस नेता

पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे और पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका कहना था कि यदि आरोप गंभीर हैं तो कानून के अनुसार उचित कार्रवाई होना आवश्यक है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा एवं एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि राम मंदिर देश की आस्था का केंद्र है। ऐसे मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सभी संबंधित पक्षों की जिम्मेदारी है।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और व्यापक करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की भावनाओं और सार्वजनिक धन की पारदर्शिता के मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी।

Advertisement

कार्यक्रम में रहे उपस्थित

इस अवसर पर बटुक नारायण मिश्रा, जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, मुन्ना, चंद्रिका सिंह, हामिद अली, राजेश गुप्ता, विद्याधर पांडेय, नसीम अख्तर, आलोक यादव, पारसनाथ उपाध्याय, अजय दुबे, जेपी पांडेय, इरफान खान, सुमन चौबे, डॉ. समर कुशवाहा, आशुतोष सिंह, ओमप्रकाश, देवेंद्र कुमार सिंह, राजेश सिंह, शंभू सिंह कुशवाहा, कृष्णानंद तिवारी, सदानंद गुप्ता, साजिद खान, संजय कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page