Connect with us

गाजीपुर

पुरानी रंजिश में युवक की चाकू और लाठी-डंडों से हत्या, गांव में तनाव

Published

on

Loading...
Loading...

खाना लेकर डेरा जा रहे युवक पर घात लगाकर हमला, मेडिकल कॉलेज में हुई मौत

भांवरकोल (गाजीपुर)। क्षेत्र के वीरपुर गांव में बुधवार को पुरानी रंजिश के चलते 20 वर्षीय युवक की चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

घात लगाकर किया गया हमला

जानकारी के अनुसार, वीरपुर निवासी अजय यादव उर्फ लंगा (20) अपने दो भाइयों में बड़ा था। वह अपने पिता श्रीकांत यादव के साथ कृषि एवं पशुपालन कार्य में सहयोग करता था। बुधवार पूर्वाह्न लगभग 9 बजे वह साइकिल से स्वजनों के लिए भोजन लेकर डेरा जा रहा था।

बताया जाता है कि नहर से कुछ दूरी पूर्व स्थित रामजी शर्मा के डेरा के पास पहले से घात लगाए बैठे 10-12 युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

उपचार के दौरान हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल अजय को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वीरपुर और फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज गाजीपुर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

परिवार में मचा कोहराम

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां मीरा देवी, पिता श्रीकांत यादव और बहन बबली सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर तथा क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली तथा थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय को आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

ग्रामीणों के अनुसार अजय यादव का कुछ युवकों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व एक बारात में कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। इसके बाद अक्टूबर 2025 में भी डेरा जाते समय नहर पुलिया के पास उसके साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें मुकदमा दर्ज कराया गया था।

बताया जा रहा है कि उसी पुरानी रंजिश ने बुधवार को खूनी रूप ले लिया और अजय की जान चली गई।

पुलिस का बयान

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page