बलिया
बलिया में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का निर्माण तेज, सीडीओ ने किया औचक निरीक्षण
तुर्की गांव में बन रहा अत्याधुनिक शैक्षिक परिसर, सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य
बलिया। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास खंड नगरा के तुर्की गांव में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा विद्यालय
बेसिक शिक्षा विभाग की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण यू०पी० प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। विद्यालय परिसर में 30 आधुनिक कक्षाएं, एक बालवाटिका तथा लगभग 100 शिक्षकों की तैनाती की व्यवस्था की जाएगी।
परियोजना के अंतर्गत मुख्य शैक्षणिक भवन (जी+2), मिड-डे मील भवन, छात्रावास (डॉरमेट्री) और स्टाफ आवास का निर्माण किया जा रहा है। परिसर में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 200 केवीए डीजी सेट, सोलर ऊर्जा प्रणाली, फायर फाइटिंग सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों की भी व्यवस्था की जा रही है।
पास में बनेगा राजकीय इंटर कॉलेज और मिनी स्टेडियम
विद्यालय परिसर से सटे क्षेत्र में नवीन राजकीय इंटर कॉलेज और मिनी स्टेडियम विकसित किए जाने की भी योजना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल सुविधाओं का भी लाभ मिल सकेगा।
निरीक्षण में मिली कमियां, सीडीओ ने जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर मजदूरों की संख्या अपेक्षाकृत कम मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए ठेकेदार को तत्काल श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीवर पाइप लाइन टेढ़ी पाए जाने पर उसे उखाड़कर मानक के अनुरूप पुनः स्थापित करने का आदेश दिया।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश
सीडीओ ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा सितंबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित रूप से प्रगति की निगरानी की जाएगी।
