Connect with us

वाराणसी

पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का समर्थन

Published

on

Loading...
Loading...

नीट सहित कई भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

वाराणसी। कांग्रेस ने नीट परीक्षा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को लहुराबीर स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री छात्रों के बीच ‘परीक्षा पर चर्चा’ तो करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सरकार मौन हो जाती है।

पत्रकार वार्ता की शुरुआत लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

संजीव सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2015 से लेकर अब तक कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।

उन्होंने कहा कि नीट, एसएससी, आरआरबी, जेईई, लेखपाल भर्ती, आरओ-एआरओ, दरोगा भर्ती और सिपाही भर्ती जैसी परीक्षाओं में गड़बड़ियों ने युवाओं का विश्वास कमजोर किया है।

Advertisement

‘छात्रों की गूंज’ अभियान से छात्रों की आवाज उठाएंगे राहुल गांधी

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों, अभिभावकों और प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों की समस्याओं को सुनने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के सुझाव प्राप्त करने के लिए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरू किया है।

कांग्रेस का दावा है कि यह अभियान शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुधार के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि छात्रों पर बढ़ते आर्थिक बोझ, बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर व्यापक संवाद की आवश्यकता है।

शिक्षा बजट और निजीकरण पर भी उठाए सवाल

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा बजट में कमी, सरकारी स्कूलों की घटती संख्या और निजी शिक्षण संस्थानों की बढ़ती भूमिका पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आम छात्रों की पहुंच से दूर होती जा रही है।

10 जुलाई को प्रयागराज में होगा छात्र संवाद कार्यक्रम

जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि 10 जुलाई को प्रयागराज में ‘शिक्षा बचाओ-भविष्य बचाओ’ अभियान के तहत ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे।

इस अवसर पर फसाहत हुसैन बाबू, गुलशन अली, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, मयंक चौबे, संतोष चौरसिया, अब्दुल हमीद डोडे, मोहम्मद उज्जैर और किशन यादव सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page