Connect with us

मिर्ज़ापुर

बाइकों की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत, एक गंभीर घायल

Published

on

Loading...
Loading...

परमहंस आश्रम के पास हुआ हादसा, पुलिस ने शुरू की जांच

मृतक अपने घर लौट रहा था, परिवार में मचा कोहराम

चुनार (मीरजापुर)। थाना क्षेत्र के सक्तेशगढ़ चौकी अंतर्गत परमहंस आश्रम के समीप रविवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, रामपुर सक्तेशगढ़ निवासी 30 वर्षीय रिंकू पुत्र लल्लन पाही टेढ़ियां से अपने घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे परमहंस आश्रम के पास सामने से आ रही एक बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिंकू को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

बिहार निवासी युवक घायल

हादसे में दूसरी बाइक पर सवार बिहार के कोड़ी मोहनिया निवासी 33 वर्षीय कृष्ण कुमार पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही सक्तेशगढ़ चौकी प्रभारी राजेश कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेचरी मोड़ भिजवाया।

Advertisement

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दोनों क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक रिंकू अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी सोनी देवी, पांच वर्षीय पुत्री सुकृति, तीन वर्षीय पुत्री संवि तथा दो वर्षीय पुत्र रुद्राक्ष हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सोनी देवी घटनास्थल पर पहुंचते ही बेसुध हो गईं।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page