मिर्ज़ापुर
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मिर्जापुर में भव्य आयोजन, हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास
जीआईसी मैदान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की रही सहभागिता
योग को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार बताते हुए नियमित अभ्यास का किया गया आह्वान
मिर्जापुर, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद मिर्जापुर का मुख्य समारोह जीआईसी मैदान, महुवरिया में उत्साह, अनुशासन एवं जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में नगरवासी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल, छानबे विधायक सुचिस्मिता मौर्य, मझवां विधायक रिंकी कोल, नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, एमएलसी विनीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र मिर्जापुर की प्रभारी बीके बिंदु दीदी ने अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संदेश एवं संबोधन का श्रवण किया। इसके बाद विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए इसे स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार बताया तथा नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया।
योग दिवस की इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” के अनुरूप योग प्रशिक्षक अमृत कला उपाध्याय द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार लगभग 45 मिनट तक सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। वहीं बीके बिंदु दीदी ने राजयोग ध्यान का अभ्यास कराते हुए उपस्थित जनसमूह को मानसिक शांति, आत्मिक सशक्तिकरण एवं सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं योग प्रशिक्षक बीके वीरेंद्र सिंह मरकाम ने कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन किया। अंत में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े विभागों का आभार व्यक्त किया।
वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होने के साथ मानसिक तनाव कम होता है तथा सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
जनपद मिर्जापुर में आयोजित यह भव्य कार्यक्रम योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बना तथा स्वस्थ, नशामुक्त एवं संस्कारित समाज के निर्माण के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
