जौनपुर
मोहर्रम, योग दिवस और नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क
डीएम ने निर्बाध बिजली आपूर्ति के दिए कड़े निर्देश, अधिकारियों को हर स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा
जौनपुर। आगामी मोहर्रम, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और नीट परीक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्युत व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित न हो और आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मोहर्रम जुलूसों के लिए विशेष तैयारी
बैठक में जिलाधिकारी ने मोहर्रम के जुलूसों को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख जुलूस मार्गों की जानकारी पहले से संकलित कर अंजुमन समितियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। संवेदनशील स्थानों पर विद्युत विभाग के कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा संभावित विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं। जरूरत पड़ने पर सुरक्षा के मद्देनजर अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बंद करने की व्यवस्था भी रखी जाए।
योग दिवस और नीट परीक्षा में नहीं होगी बिजली कटौती
डीएम ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तथा नीट परीक्षा का आयोजन प्रस्तावित है। ऐसे में अनुरक्षण या निर्माण कार्यों के नाम पर बिजली कटौती नहीं की जाएगी। यदि कहीं तकनीकी खराबी या ब्रेकडाउन की स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि परीक्षार्थियों और प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
चौपालों में भी रहेगी बेहतर बिजली व्यवस्था
उन्होंने रात्रि चौपाल कार्यक्रमों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन चौपालों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है, वहां संबंधित अधिशासी अभियंताओं की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता की शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जा सके।
शिकायत निस्तारण और ट्रांसफार्मरों पर विशेष जोर
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान विद्युत वितरण खंड-तृतीय जौनपुर में 70 प्रतिशत उपभोक्ता संतुष्टि का स्तर सामने आया। जिलाधिकारी ने सभी वितरण खंडों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण और संतुष्टि स्तर बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में ट्रांसफार्मरों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि ट्रांसफार्मर जलने की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय में बदला जाए तथा ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य प्राथमिकता पर पूरा किया जाए।
बिजली चोरी और स्मार्ट मीटरिंग पर भी सख्ती
जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली, समय पर बिजली बिल वितरण और बिजली चोरी की रोकथाम को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी के मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी वितरण परिवर्तकों पर स्मार्ट मीटरिंग कार्य शीघ्र पूरा करने तथा वर्षा ऋतु से पहले विद्युत पोलों की अर्थिंग और बिजली लाइनों से टकराने वाली पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कराने को कहा।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
डीएम ने स्पष्ट किया कि विद्युत व्यवस्था में लापरवाही के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की घटना नहीं होनी चाहिए। यदि ऐसी कोई घटना होती है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ध्रुव खाड़िया सहित विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
