मिर्ज़ापुर
योगाभ्यास व ध्यान केन्द्र में दो दिवसीय योग कार्यशाला का शुभारंभ
योग और स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेषज्ञों ने साझा किए महत्वपूर्ण सुझाव
वाराणसी। सिकरौल स्थित योगाभ्यास व ध्यान केन्द्र में दो दिवसीय योग कार्यशाला का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यशाला का उद्घाटन पतंजलि योग समिति वाराणसी की अध्यक्षा कुशला जी, महामंत्री डॉ. कुसुम तथा युवा प्रभारी एकता ने संयुक्त रूप से किया।
योग, एक्यूप्रेशर और स्वास्थ्य संरक्षण पर दिया मार्गदर्शन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुशला जी ने योगासनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताया। डॉ. कुसुम ने एक्यूप्रेशर के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने के उपाय बताए। वहीं युवा प्रभारी एकता ने सरसों के तेल से शरीर की मालिश के लाभ बताते हुए कहा कि इससे नसों और हड्डियों को मजबूती मिलती है तथा महिलाएं स्वयं को स्वस्थ रख सकती हैं।
प्रतिभागियों ने कठिन योगासन कर बटोरी सराहना
कार्यशाला के दौरान नीलम, मुदिता और अर्चना ने 45 से 55 वर्ष की आयु में भी चुनौतीपूर्ण योगासनों का प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। वहीं प्रो. मधु और संध्या ने घुटने का ऑपरेशन होने के बावजूद कई महत्वपूर्ण योगासन प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों को आश्चर्यचकित कर दिया।
रीति श्रीवास्तव ने किया अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथियों का स्वागत रंजना गेठे ने किया। योगाभ्यास व ध्यान केन्द्र की निदेशिका एवं मुख्य योग प्रशिक्षक रीति श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा कार्यशाला में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
