Connect with us

मिर्ज़ापुर

विवाहिता की मौत बनी रहस्य, हत्या या आत्महत्या? जांच के घेरे में कई सवाल

Published

on

Loading...
Loading...

महुलार गांव में दो दिन तक फंदे पर लटका रहा शव, लोगों में चर्चा का विषय बनी घटना

मीरजापुर (लालगंज)। लालगंज थाना क्षेत्र के महुलार गांव में विवाहिता का शव दो दिन तक मकान में फंदे से लटका मिलने का मामला अब भी रहस्य बना हुआ है। घटना हत्या है या आत्महत्या, इसे लेकर गांव और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस को मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, जिसके चलते मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और कॉल डिटेल्स के आधार पर की जा रही है।

पोस्टमार्टम में आत्महत्या की पुष्टि, फिर भी उठ रहे कई सवाल

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण आत्महत्या बताया गया है। हालांकि स्थानीय लोगों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विवाहिता ने आत्महत्या की थी, तो दो दिनों तक परिवार के किसी सदस्य को इसकी जानकारी कैसे नहीं हुई। शव से दुर्गंध आने के बाद ही घटना का खुलासा होना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

एक वर्ष पूर्व हुई थी शादी

Advertisement

जानकारी के अनुसार महुलार गांव निवासी पिंटू कोल की शादी करीब एक वर्ष पूर्व संतनगर थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव निवासी मुनीब कोल की पुत्री पूनम से हुई थी। पूनम अपने पति और सास के साथ रहती थी। मंगलवार की देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि विवाहिता का शव खपरैल मकान के बड़ेर में साड़ी के सहारे फंदे से लटका हुआ है। बताया जा रहा है कि शव करीब दो दिन पुराना था।

मायके पक्ष की तहरीर का इंतजार

प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले में अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है, फिर भी अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

जांच पूरी होने के बाद ही होगा खुलासा

पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा और रहस्य का विषय बना हुआ है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page