गाजीपुर
सहकारी समिति बंद होने से बढ़ी किसानों की मुश्किलें, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
खाद संकट से जूझ रहे किसान, शीघ्र संचालन की मांग तेज
एक सप्ताह में समाधान न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
जमानिया (गाज़ीपुर)। क्षेत्र के राघोपुर गांव स्थित साधन सहकारी समिति ताजपुर मांझा के वर्षों से बंद पड़े होने से किसानों की समस्याएं बढ़ गई हैं। बुधवार को जिला पंचायत सदस्य बसंत यादव ने उपजिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर समिति को शीघ्र चालू कराने की मांग की।
उन्होंने बताया कि समिति बंद होने से राघोपुर, कोटिया, जगदीशपुर, ताजपुर मांझा, खिजिरपुर, मथारा, कालनपुर, सैदाबाद, चकिया और कसेरा पोखरा सहित कई गांवों के किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। सरकारी व्यवस्था से खाद न मिलने के कारण किसानों को निजी दुकानों से ऊंचे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है।
किसानों की बढ़ी परेशानी
बसंत यादव ने कहा कि खरीफ सीजन नजदीक है और किसानों को खाद की सख्त जरूरत है। यदि एक सप्ताह के भीतर समिति को चालू कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो किसानों के साथ समिति परिसर के सामने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी 18 सितंबर 2025 को सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता तथा 24 सितंबर 2025 को उपजिलाधिकारी को पत्र देकर समिति को चालू कराने या वैकल्पिक रूप से किसी अन्य समिति से संबद्ध करने की मांग की जा चुकी है।
प्रशासन का आश्वासन
उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक ने आश्वासन दिया कि समिति को पुनः संचालित कराने के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
